खेल का महत्व
(इस आर्टिकल में खेल की परिभाषा, प्रकार के साथ हमारे जीवन में खेल का महत्व बतलाया गया है, जिसे जानकर खेलों के प्रति हमारी रुचि अवश्य ही बढ़ेगी।)
खेल की परिभाषा
खेल से तात्पर्य है, मन बहलाव के लिए की जाने वाली चेष्टा अथवा क्रीडा। मन हमारे शरीर का एक अदृश्य किंतु अभिन्न अंग है, शरीर के पोषण के साथ-साथ अपने मन को भी प्रसन्न रखने के लिए हम अनेक क्रियाकलापों को करते हैं। उनमें से अनेक क्रियाकलाप खेल का ही रूप हैं। इसके अनेक प्रकार तथा कई नाम है, आइए हम उन्हें जानें।
खेल का अंग्रेजी नाम
खेल को अंग्रेजी में sport तथा game भी कहते हैं।
खेल का हिंदी नाम
खेल को हिंदी में अठखेली, विहार, विनोद तथा करतब आदि अनेक नामों से जानते हैं।
खेल के प्रकार
खेल के कई प्रकार हमें देखने को मिलते हैं। खेल के ये प्रकार हम खेले जाने वाले स्थान, प्रतियोगिता, समय जैसे आधारों के अनुसार अनेक नामों से प्रचलित हैं।
खेले जाने वाले स्थान के अनुसार खेलों का नाम
कोई भी खेल हम कहां खेलते हैं, घर में, कार या बस में बैठे-बैठे
अथवा किसी मैदानी स्थान पर। इस बात को ध्यान में रखते हुए खेल को outdoor games तथा indoor games नामों से जानते हैं।
क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, टेनिस आदि खेल हम किसी बड़े फैलदार अथवा मैदानी स्थान में ही खेल सकते हैं। अतः ऐसे खेल outdoor games कहलाते हैं।
लूडो, शतरंज, अंताक्षरी जैसे खेल घर में अथवा किसी भी स्थान पर बैठे-बैठे भी खेले जा सकते हैं। अतः ये खेल indoor games कहे जाते हैं।
समय के अनुसार खेलों के नाम
बहुत लंबे समय से अथवा पारंपरिक तरीके से जो खेल खेले जाते रहे हैं, वह ऐतिहासिक अथवा पारंपरिक खेल के नाम से जाने जाते हैं। जैसे क्रिकेट , कबड्डी आदि।
आधुनिक समय में अनेक बदलाव के साथ तथा आधुनिक संसाधनों के साथ कुछ नए खेलों का आविष्कार हुआ है, इन खेलों को आधुनिक खेल कहा जा सकता है। जैसे मोबाइल पर अथवा ऑनलाइन खेले जाने वाले खेल।
प्रतियोगिता के आधार पर खेलों के नाम
मनोरंजन के लिए खेलों का आयोजन करते-करते कुछ खेल प्रतियोगिता के लिए भी आयोजित किए जाते हैं। इन प्रतियोगिताओं में जीते जाने पर खिलाड़ियों को अनेक पुरस्कार भी दिए जाते हैं।
राज्य स्तर पर खेलों में प्रतियोगिता होने पर उन्हें national sports कहा जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों की जो प्रतियोगिताएं होती हैं, उन खेलों को international sports कहा जाता है।
अन्य
Physical games वह होते हैं, जिनसे हमारे शरीर की अनेक प्रकार से कसरत होती है, जैसे वजन उठाना, तैराकी आदि। इसी प्रकार mental games वों हैं जिन्हें खेल कर दिमागी कसरत होती है जैसे पहेलियां सुलझाना।
खेलों का महत्व
खेल एक प्रकार से तन और मन को स्वस्थ रखने वाले वे क्रियाकलाप है, जिनसे ना चाहते हुए भी हमारे तन और मन की कसरत हो जाती है। एक स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है। लेकिन स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन को स्वस्थ रखने के लिए खेलों का विशेष योगदान है।
प्रतिदिन की दिनचर्या, रोजी- रोटी कमाने के लिए भागदौड़ तथा अस्त-व्यस्त जीवन यदि हमारे जीवन में रोज सिर्फ यही क्रियाकलाप हो, तो जीवन कितना नीरस हो जाता है! जीवन की इस नीरसता को खेलों के माध्यम से कम किया जा सकता है।
खेल खेलने से तो हमारा मनोरंजन होता ही है, दूसरों को खेलते हुए देखने से भी हमारे मन में उत्साह की लहर दौड़ उठती है।
विद्यार्थी जीवन में स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अनेक प्रकार की प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया जाता है, इसका लक्ष्य विद्यार्थियों का मानसिक एवं शारीरिक विकास करना ही होता है। समय-समय पर खेलों में भाग लेने वाले विद्यार्थी पढ़ाई में भी उसी फुर्ती के साथ आगे रहते हैं तथा अन्य गतिविधियों को भी रुचि पूर्वक करते हैं। खेल हमारे दिनचर्या की उदासीनता को प्रसन्नता में परिवर्तित कर देते हैं।
खेल मनोरंजन का साधन
खेल मनोरंजन का एक जाना- माना साधन है। जो भी कोई खेल खेलता है, उसका तो मनोरंजन होता ही है, साथ ही जो उन खेलों को देखता है उसका भी बहुत अच्छा मनोरंजन हो जाता है। क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल जैसे खेलों को देखने के लिए बहुत पहले से लोग टिकटों की बुकिंग करते हैं, चाहे वह टिकट कितनी भी महंगी क्यों ना हो।
खेल आय का साधन
खेल को खेलने से शारीरिक और मानसिक फुर्ती तो मिलती ही है साथ ही यह खेल अनेक प्रकार से आमदनी का साधन भी बन जाते हैं। खेल खेलने वाले खिलाड़ी को तथा उस खेल को आयोजित करने वाले संस्था को और उस संस्था में काम करने वाले कर्मचारियों को एक रोजगार भी मिल जाता है। खेलों के लिए कई प्रकार के टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाते हैं।
खेल में प्रवीणता
जिस व्यक्ति को जिस खेल में जितनी अधिक रूचि होती है, वह उस खेल में उतना ही अधिक प्रवीण हो जाता है। ऐसी प्रवीण खिलाड़ियों की समाज में मांग भी बढ़ जाती है, उनके खेलने के तरीके को तथा उनकी प्रतिभा को देखने के लिए देश- विदेश के लोग आतुर रहते हैं। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने अच्छे खेल से अपने देश का नाम रोशन करते हैं। हमारे भारत में भी सचिन तेंदुलकर, सानिया मिर्जा तथा ऐसे ही और अच्छे खिलाड़ी जो देश का नाम विदेशों में रोशन करते हैं, हमारे देश के लिए गौरव का प्रतीक हैं।
निष्कर्ष
जैसे हमारे शरीर के लिए एक अच्छा और रुचिकर भोजन आवश्यक है, उसी प्रकार हमारे मन को स्वस्थ रखने के लिए समय-समय पर उसे किसी न किसी मनोरंजन की भी आवश्यकता है। खेल हमारे लिए मनोरंजन का उत्तम साधन हैं। खेलों को खेलकर हम अपने तन और मन दोनों को स्वस्थ रखते हैं। अतः हमें अपनी दिनचर्या में किसी न किसी खेल को अवश्य ही स्थान देना चाहिए।
Comments
Post a Comment